
रायवाला
कोतवाली रायवाला पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक तस्कर को 7.50 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस टीम आगामी त्योहारों और सुरक्षा के मद्देनजर प्रतीत नगर तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध युवक आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम को सामने देख वह हड़बड़ाकर पीछे मुड़कर भागने लगा। सतर्क पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर कुछ ही दूरी पर उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम राकेश बिन्द निवासी काले की ढाल ऋषिकेश बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से स्मैक बरामद हुई। राकेश बिन्द ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह खुद स्मैक पीने का आदी है। वह रेलवे निर्माण कार्य में अपनी बोलेरो गाड़ी चलाने का काम करता है। उसने यह स्मैक धनपुरा हरिद्वार निवासी ‘अमन’ नाम के युवक से 8 हजार रुपये में खरीदी है। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह अपनी नशे की लत को पूरा करने और खर्च निकालने के लिए कभी-कभी अन्य लोगों को भी स्मैक बेचता है। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है और उसके खिलाफ पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं।
