
ऋषिकेश
दीपावली का पावन पर्व खुशियों और रोशनी का प्रतीक है, लेकिन इस दौरान थोड़ी सी भी असावधानी बड़े हादसों का कारण बन सकती है। त्योहार के उल्लास के बीच बच्चों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए नेगी आई केयर सेंटर के वरिष्ठ कंसल्टेंट डॉ. राजे नेगी ने अभिभावकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि बच्चों को कभी भी अकेले पटाखे न जलाने दें और आतिशबाजी के दौरान उनकी कड़ी निगरानी करें।
आंखों और शरीर की सुरक्षा सबसे अहम
डॉ. राजे नेगी ने चेतावनी दी है कि दीपावली पर पटाखों से आंखों में चोट लगने, त्वचा झुलसने और अन्य गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा हमेशा बना रहता है। विशेष तौर पर रॉकेट, अनार, फुलझड़ी और तेज आवाज वाले पटाखों का इस्तेमाल करते समय अत्यधिक सतर्कता की आवश्यकता होती है। पटाखों से निकलने वाली चिंगारी आंखों को स्थाई नुकसान पहुंचा सकती है।
डॉ. राजे नेगी द्वारा जारी महत्वपूर्ण सुरक्षा सुझाव
निगरानी जरूरी: बच्चों को कभी भी अकेले पटाखे न चलाने दें; उनके साथ हमेशा कोई जिम्मेदार वयस्क मौजूद रहना चाहिए।
खुली जगहों का चुनाव: हमेशा खुले मैदान या खाली स्थानों पर ही आतिशबाजी करें। बंद कमरों, बालकनी या भीड़भाड़ वाली जगहों पर पटाखे न जलाएं।
सुरक्षा के इंतजाम: किसी भी आपात स्थिति या आगजनी से निपटने के लिए पानी और रेत से भरी बाल्टी पास में जरूर रखें।
सही कपड़ों का चयन: पटाखे जलाते समय हमेशा सूती (कॉटन) और फिटिंग वाले कपड़े पहनें। सिंथेटिक, नायलॉन या ढीले कपड़ों से दूर रहें क्योंकि इनमें आग बहुत जल्दी पकड़ती है।
गुणवत्ता और मानक: हमेशा विश्वसनीय दुकानों से अच्छी गुणवत्ता वाले प्रमाणित पटाखे ही खरीदें और प्रतिबंधित आतिशबाजी से परहेज करें।
हाथ में न जलाएं: पटाखों को कभी भी हाथ में पकड़कर न जलाएं। रॉकेट जैसे पटाखों को सुरक्षित दूरी पर रखकर चलाएं।
अधजले पटाखों से सावधा: यदि कोई पटाखा न चले, तो तुरंत उसके पास न जाएं और न ही उसे दोबारा जलाने का प्रयास करें। उपयोग किए गए पटाखों को पानी या रेत में डालकर सुरक्षित रूप से निष्क्रिय करें।
आंख में चोट लगने पर क्या करें?
डॉ. नेगी ने विशेष सलाह देते हुए कहा कि यदि दुर्भाग्यवश पटाखा जलाते समय किसी की आंख में चिंगारी चली जाए या चोट लग जाए, तो आंख को बिल्कुल न रगड़ें और न ही उस पर दबाव डालें। किसी भी प्रकार के घरेलू उपचार के चक्कर में पड़ने के बजाए तुरंत किसी योग्य नेत्र चिकित्सक या नजदीकी अस्पताल से संपर्क करें। अंत में, डॉ. राजे नेगी ने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि दीपावली का यह पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाएं, लेकिन सुरक्षा से कोई समझौता न करें। आपकी थोड़ी सी सतर्कता और जिम्मेदारी बच्चों की अनमोल आंखों की रोशनी और उनके जीवन को सुरक्षित रख सकती है।
