
ऋषिकेश: धनतेरस से पहले कानून व्यवस्था को ठेंगा, 50 लाख के मोबाइल चोरी, सीसीटीवी भी ले गए चोर, व्यापारियों में भारी आक्रोश
ऋषिकेश
त्योहार की चहल-पहल के बीच ऋषिकेश में कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए अज्ञात बदमाशों ने चोरी की एक दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है। धनतेरस की बीती रात आईडीपीएल सिटी गेट के पास स्थित गुप्ता टेलीकॉम की दुकान का शटर तोड़कर चोर करीब 50 लाख रुपये के महंगे मोबाइल उड़ा ले गए। पुलिस से बचने के लिए शातिर चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ने के साथ ही उनका रिकॉर्डिंग सिस्टम भी अपने साथ उखाड़ कर ले गए। घटना के बाद से क्षेत्र के व्यापारियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। दुकान संचालक अश्वनी गुप्ता और आरोही गुप्ता ने बताया कि त्योहार की वजह से दुकान देर रात लगभग 1 बजे तक खुली हुई थी। दुकान बंद करने के बाद वे घर चले गए। अनुमान है कि वारदात करीब 2 बजे हुई है। सुबह जब वे दुकान पहुंचे, तो शटर टूटा देख उनके होश उड़ गए। अंदर जांच करने पर पता चला कि लाखों रुपये के फोन गायब हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। जो फिंगरप्रिंट्स व अन्य तकनीकी सबूत इकट्ठा कर रही है। पुलिस आसपास के अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। त्योहारों के ऐन मौके पर हुई इस बड़ी वारदात ने शहर में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारिक संगठनों ने वारदात पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और माल बरामदगी की मांग की है। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहन तहकीकात की जा रही है और जल्द ही इस चोरी का खुलासा कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
