
देहरादून/डोईवाला
देवभूमि उत्तराखंड की बहुचर्चित बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर परवादून जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के देहरादून दौरे का जौलीग्रांट एयरपोर्ट के समीप जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पूरे प्रकरण में निष्पक्ष जांच एवं न्याय सुनिश्चित करने की मांग उठाई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

अंकिता उत्तराखंड की अस्मिता का प्रतीक, संघर्ष जारी रहेगा: मोहित उनियाल
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे परवादून जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि अंकिता भंडारी केवल एक नाम नहीं, बल्कि उत्तराखंड की उस बेटी की प्रतीक है जो आज भी न्याय की गुहार लगा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता हत्याकांड से जुड़े गंभीर सवालों के जवाब मांग रही है, लेकिन सत्ता में बैठे लोग जवाब देने के बजाय सवाल उठाने वालों की आवाज दबाने का काम कर रहे हैं। मोहित उनियाल ने कहा कि गृह मंत्री के दौरे के बीच अंकिता के न्याय की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। पुलिसिया कार्रवाई या गिरफ्तारियों से कांग्रेस डरने वाली नहीं है। जब तक अंकिता को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक कांग्रेस सड़क से सदन तक अपना संघर्ष जारी रखेगी।
धनतेरस पर मार्ग बंद होने से व्यापारी और जनता परेशान
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि धनतेरस के पर्व पर गृह मंत्री के दौरे के चलते आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। एयरपोर्ट से देहरादून मार्ग पर ट्रैफिक रोक दिया गया और प्रशासन द्वारा पटाखों व अन्य दुकानों को शाम तक बंद करा दिया गया। त्योहार के दिन इस तरह की व्यवस्था से स्थानीय व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का नारा महज दिखावा: कांग्रेस
डोईवाला नगर कांग्रेस अध्यक्ष करतार नेगी और ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा सरकार का ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का नारा पूरी तरह खोखला साबित हुआ है। बेटी को न्याय मांगने पर कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सत्ता के अहंकार में बैठी सरकार यह न भूले कि जनता की आवाज को पुलिस की बैरिकेडिंग से रोका नहीं जा सकता। यह लड़ाई किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि प्रदेश की बेटी की अस्मिता और न्याय के लिए है।
प्रदर्शन में ये नेता रहे मौजूद
विरोध प्रदर्शन में परवादून जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, प्रदेश महासचिव नीरज त्यागी, नगर अध्यक्ष करतार नेगी, ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, जिला महासचिव राहुल सैनी, स्वतंत्र बिष्ट, पूर्व प्रधान उमेद बोरा, जितेंद्र कुमार, सेवादल जिलाध्यक्ष सुनील बर्मन, सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष रेखा कांडपाल सती, सभासद गौरव मल्होत्रा, अमित सैनी, युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव सावन राठौर, विमल गोला, शार्दूल नेगी, भारत भूषण कौशल, बालेंद्र सजवान, जावेद, संजीव भट्ट, चंद्र प्रकाश काला, आशीष राणा, नंदन नेगी, सुमिता और अदिति सहित दर्जनों कांग्रेसजन शामिल रहे।
