
ऋषिकेश में आवारा पशुओं और गोवंश का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला देहरादून रोड का है, जहां सुबह-सवेरे एक आवारा गोवंश ने सड़क से गुजर रही महिला पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया। इस दर्दनाक हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। ऋषिकेश के सरकारी अस्पताल के डॉक्टर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आज सुबह लगभग 9:30 बजे दुलारी देवी नामक महिला को आपातकालीन कक्ष में लाया गया था। डॉक्टर के अनुसार महिला को सांड या गाय ने हमला कर मारा है। जिसके चलते उनके दाहिने हिस्से में पेट पर गंभीर चोट आई। सींग लगने की वजह से शरीर के अंदर की छोटी आंत बाहर निकल गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद महिला को तुरंत एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया है।
यह घटना ऋषिकेश नगर निगम के दावों और उसकी लचर व्यवस्था पर एक बड़ा तमाचा है। स्थानीय नागरिकों और राहगीरों का कहना है कि शहर की देहरादून रोड, एम्स मार्ग और विभिन्न चौराहों पर आवारा पशुओं का झुंड खुलेआम घूमता रहता है। इसके बावजूद नगर निगम प्रशासन कुंभकर्णी नींद सोया हुआ है।
निष्कर्ष और मांग
यह हादसा शहर की सुरक्षा व्यवस्था और नगर निगम की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि:
- घायल महिला को उचित मुआवजा और बेहतर से बेहतर इलाज की सुविधा मुहैया कराई जाए। देहरादून रोड समेत पूरे ऋषिकेश शहर में घूम रहे आवारा गोवंश को तुरंत पकड़कर गोशालाओं या सुरक्षित स्थानों पर भेजा जाए। लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह के दर्दनाक हादसों की पुनरावृत्ति न हो।
