
ऋषिकेश
दीपावली के त्यौहार को देखते हुए पुलिस और ऋषिकेश प्रशासन अवैध पटाखों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पूरी तरह सतर्क हो गया है। आम जनता की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से डीएम देहरादून के निर्देशों पर गुरुवार को कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र में पटाखा दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। यह संयुक्त अभियान तहसीलदार प्रदीप नेगी के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने चलाया। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम ने पटाखा कारोबारियों के लाइसेंस और बिक्री से जुड़े जरूरी दस्तावेजों व अभिलेखों की गहनता से पड़ताल की। जांच के दौरान दो दुकानदारों के पास पटाखे बेचने का वैध 5 वर्षीय लाइसेंस पाया गया। कुछ विक्रेताओं ने लाइसेंस प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन शुल्क जमा करने की रसीदें दिखाईं। दस्तावेजों की पड़ताल के बाद तहसीलदार प्रदीप नेगी ने बिना वैध लाइसेंस के दुकान चला रहे दुकानदारों को सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक विभाग से अधिकृत और निर्धारित लाइसेंस प्राप्त नहीं हो जाता, तब तक पटाखों की दुकान का संचालन किसी भी सूरत में न किया जाए। लाइसेंस मिलने के बाद ही बिक्री शुरू करने की अनुमति होगी। ऋषिकेश कोतवाली पुलिस व फायर सर्विस की ओर से सभी कारोबारियों को नियमों के तहत काम करने की हिदायत दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई भी व्यापारी बिना लाइसेंस के पटाखे बेचते हुए या नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ कानून के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
