
लक्ष्मणझूला
लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा भोगपुर तल्ला स्थित पनाम्बी रिजॉर्ट एंड स्पा के संचालक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। लापता होने से पहले उन्होंने अपने रिसोर्ट में एक नोट छोड़ा है जिसमें आत्महत्या का जिक्र और अन्य कई गहन बातें लिखी गई है। उनकी पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने मानसिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में रवि बजाज, गगन बत्रा तथा अन्य के खिलाफ कोतवाली लक्ष्मणझूला में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, ग्रेटर नोएडा निवासी विनीता गुप्ता ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में बताया कि उनके पति नीरज गुप्ता गंगा भोगपुर तल्ला में पनाम्बी रिजॉर्ट संचालित करते थे। आरोप है कि जमीन की खरीद फरोख्त और पैसों के लेनदेन को लेकर रवि बजाज और गगन बत्रा उनके पति को लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे है। लगातार बढ़ रहे दबाव और प्रताड़ना से तंग आकर नीरज गुप्ता ने पांच पन्नो का सुसाइड नोट छोड़कर आत्महत्या कर ली। विनीता गुप्ता की तहरीर के आधार पर लक्ष्मणझूला पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में रवि बजाज, गगन बत्रा और अन्य सहयोगियों के खिलाफ नामजद मुकदमा पंजीकृत किया है। थाना प्रभारी निरीक्षक सूर्य भूषण नेगी ने बताया कि मामले की गहनता से विवेचना शुरू कर दी गई है। सुसाइड नोट और अन्य संबंधित साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आसपास में की गई पूछताछ के बाद अंदेशा इस बात का है कि नीरज गुप्ता गंगा में कूदे है। इसलिए एसडीआरएफ की टीम को सर्च ऑपरेशन के लिए लगाया गया है।
