
ऋषिकेश
राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राघवेंद्र भटनागर ने एम्स की कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराज़गी व्यक्त की है। उन्होंने एम्स प्रशासन को कड़े शब्दों में चेतावनी दी है यदि व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो वह आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। ऋषिकेश के एक होटल में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान राघवेंद्र भटनागर ने देश की चार प्रमुख व्यवस्थाओं चिकित्सा, शिक्षा, कानून और न्याय और उनके मूल कर्तव्यों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा व्यवस्था का धर्म सेवा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में भविष्य के डॉक्टर और नर्से, जो देश की सेवा के लिए हैं, वे अपनी पूरी ऊर्जा और क्षमता का उपयोग रील बनाने में कर रहे हैं। एम्स के भीतर इस तरह की गतिविधियां संस्थान में अनुशासनहीनता को दर्शाती है। उन्होंने एम्स के डीन और उच्च अधिकारियों को चेतावनी दी है कि वे संस्थान के भीतर अनुशासन और व्यवस्था को सुधारें। यदि व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन की ओर से उग्र आंदोलन किया जाएगा।
