
ऋषिकेश
ऋषिकेश के पास रायवाला थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। खांड गांव पुलिया के पास मंगलवार देर रात एक ट्रक और लोडर वाहन की टक्कर में लोडर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार दो अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, क्योंकि पत्नी को अगले दिन करवा चौथ का पहला व्रत रखना था।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार देर रात हरिद्वार से ऋषिकेश की ओर एक ट्रक और लोडर वाहन जा रहे थे। खांड गांव पुलिया के पास ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान लोडर वाहन अनियंत्रित हो गया और बगल में चल रहे ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोडर वाहन सड़क पर ही पलट गया। घटना की सूचना मिलते ही रायवाला थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने पलट चुके लोडर वाहन के अंदर फंसे तीन लोगों को बाहर निकाला। देखा कि हादसे में लोडर चालक की मौके पर ही मौत हो गई है। जबकि अन्य दो लोगों को मामूली चोटें आईं है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, ट्रक चालक को हिरासत में लेते हुए दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को थाने में खड़ा कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान 22 वर्षीय देव सैनी निवासी- किशनगढ़, अमरोहा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, देव सैनी अपने घर का इकलौता कमाने वाला बड़ा बेटा था। उसकी महज 8 महीने पहले ही शादी हुई थी। हादसे के अगले दिन यानी बुधवार को उसकी पत्नी को अपना पहला करवा चौथ का व्रत रखना था, जिसकी तैयारियां घर में चल रही थीं। लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने त्यौहार की सारी खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
