
ऋषिकेश
ऋषिकेश के श्यामपुर क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। हरिद्वार की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित कंक्रीट मिक्सर ट्रक ने राहगीर और एक कार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। हादसा श्यामपुर रेलवे फाटक क्रॉस करने से ठीक पहले हुआ।
सड़क किनारे चल रहा युवक गंभीर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक हरिद्वार की तरफ से ऋषिकेश की ओर बेहद तेज और अनियंत्रित गति में आ रहा था। रेलवे फाटक के पास पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे पलट गया। इस दौरान सड़क किनारे पैदल चल रहा एक अज्ञात युवक ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत ऋषिकेश एम्स पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। फिलहाल पुलिस युवक की शिनाख्त करने के प्रयासों में जुटी है।
बिजली के पोल से टकराया ट्रक, टला बड़ा हादसा
दुर्घटना के दौरान बेकाबू ट्रक सड़क किनारे खड़े हाई-वोल्टेज बिजली के खंभे से भी जा टकराया, जिससे पास में खड़ी एक कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, गनीमत यह रही कि बिजली के तार टूटकर ट्रक या सड़क पर नहीं गिरे, अन्यथा एक बड़ा और भयानक हादसा हो सकता था।
पुलिस कार्रवाई और चालक हिरासत में
हादसे के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक को मौके से हिरासत में ले लिया है। पुलिस प्रशासन द्वारा कराई गई मेडिकल जांच में चालक के नशे में होने की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की बारीकी से जांच शुरू कर दी है और घायल युवक के परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
