
ऋषिकेश
अब बड़ी खबर ऋषिकेश है जहां अखंड सौभाग्य और सुहाग के प्रतीक पर्व करवा चौथ को लेकर ऋषिकेश में उत्साह अपने चरम पर है। व्रत की तमाम तैयारियां पूरी करने के बाद अब महिलाओं का पूरा ध्यान अपने हाथों पर पिया के नाम की मेहंदी सजाने पर केंद्रित हो गया है। शहर के प्रसिद्ध त्रिवेणी घाट पर आज विवाहित महिलाओं की भीड़ मेहंदी लगाने को उमड़ी है। बता दे कि त्रिवेणी घाट पर दर्जनों मेहंदी आर्टिस्ट सुबह से ही महिलाओं के हाथों और पैरों पर खूबसूरत डिजाइन उकेरने में व्यस्त हैं। हर आर्टिस्ट के स्टॉल पर महिलाओं की लंबी कतारें और भीड़ देखने को मिल रही है। स्थिति यह है कि महिलाओं को अपनी बारी का इंतजार करने के लिए काफी देर तक प्रतीक्षा करनी पड़ रही है, फिर भी उनके उत्साह में कोई कमी नहीं है।

घाट पर मौजूद विभिन्न आर्टिस्टों में सबसे ज्यादा भीड़ अंकुर मेहंदी आर्टिस्ट की टीम के पास नजर आई है। पिछले 16 वर्षों से इस हुनर से महिलाओं को सजा रहे अंकुर ने बताया कि उनके पास गरीब से लेकर मध्यमवर्गीय और हाई-प्रोफाइल परिवारों की महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्था है। उनका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी महिला बिना मेहंदी लगवाए निराश होकर वापस न लौटे। हर महिला के बजट और पसंद के अनुसार बेहतरीन डिज़ाइन तैयार किए जा रहे हैं। केवल मेहंदी ही नहीं, बल्कि करवा चौथ के अवसर पर ऋषिकेश के बाजारों में भी जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। महिलाएं पर्व के लिए श्रृंगार का सामान खरीदने में जुटी हैं। कपड़ों की दुकानों पर भी नए और आकर्षक परिधान खरीदने के लिए महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। पहला करवा चौथ का व्रत रखने वाली नवविवाहित महिलाओं में इस पर्व को लेकर एक अलग ही उत्साह और चमक साफ तौर पर देखी जा सकती है।
