ऋषिकेश
ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने नाबालिगों से संबंधित दो अलग-अलग गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक आरोपी को उत्तर प्रदेश के देवरिया और दूसरे को ऋषिकेश के आईडीपीएल क्षेत्र से दबोचा है।
पहला मामला: शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप
ऋषिकेश निवासी एक युवती ने 25 जुलाई 2026 को कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि जब वह नाबालिग थी, तब आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने गोलू मद्धेशिया उर्फ सत्यम मद्धेशिया 25 वर्ष निवासी आजाद नगर, थाना बरहज, जनपद देवरिया यूपी की तलाश में उत्तर प्रदेश में दबिश दी। वह अपने घर की छत पर छिपा हुआ मिला, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया।
दूसरा मामला: नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने व यौन संबंध बनाने का आरोप
19 सितंबर 2026 को आईडीपीएल ऋषिकेश की एक महिला ने अपनी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ यौन संबंध बनाने के संबंध में तहरीर दी। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सुमित दास 28 वर्ष निवासी ग्राम ओखला चांठी टिहरी गढ़वाल, हाल निवासी धर्मपुर देहरादून को आईडीपीएल गोल चक्कर के पास से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों को पकड़ने वाली टीम में यह रहे शामिल
प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, व0उ0नि0 नवीन जोशी, उ0नि0 विकसित पंवार, म0उ0नि0 सीमा राघव, उ0नि0 ज्योति, का0 शैलेन्द्र सिंह, का0 उदयवीर सिंह, का0 दिनेश महर एवं का0 मिथिलेश प्रसाद।
