ऋषिकेश
ऋषिकेश बाइक रेंटल यूनियन के अध्यक्ष अंकित गुप्ता की शिकायत पर आरटीओ कोटद्वार की टीम ने स्वर्गाश्रम क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों को ताक पर रखकर व्यावसायिक उपयोग में लाए जा रहे 5 प्राइवेट वाहनों को सीज कर दिया गया। चेकिंग अभियान की सफलता और आरटीओ विभाग की त्वरित कार्रवाई पर संतोष व्यक्त करते हुए बाइक रेंटल यूनियन के अध्यक्ष अंकित गुप्ता ने आरटीओ कोटद्वार का आभार जताया। अंकित गुप्ता ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्राइवेट वाहनों का कमर्शियल या टैक्सी के रूप में संचालन पूरी तरह से नियमों के खिलाफ है। इस तरह के अवैध संचालन से उन वैध वाहन संचालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है, जो सरकार के सभी नियमों का पालन करते हैं और टैक्स भरते हैं।

उन्होंने आरटीओ से मांग की है कि अवैध रूप से चल रहे ऐसे वाहनों के खिलाफ आगे भी इसी तरह का सख्त और निरंतर चेकिंग अभियान जारी रखा जाए। अंकित गुप्ता ने कहा कि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और वैध व्यवसायियों के हितों की रक्षा के लिए यूनियन भविष्य में भी ऐसी अनियमितताओं की शिकायतें संबंधित विभाग तक पहुंचाती रहेगी। वहीं आरटीओ अमित कुमार ने बताया कि अवैध टैक्सी वाहनों पर यह कार्रवाई लगातार की जाएगी।
