ऋषिकेश
शहर और आसपास के इलाकों में लगातार बढ़ रहे जाम तथा भविष्य की यातायात जरूरतों को देखते हुए श्यामपुर और भट्टोवाला रेलवे फाटक पर जल्द ही दो रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का निर्माण किया जाएगा। करीब 250 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाले इस प्रोजेक्ट को लेकर ऋषिकेश विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने मंगलवार को अपने कैंप कार्यालय में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और लोक निर्माण विभाग (PWD) के उच्च अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि दोनों ओवरब्रिज के निर्माण के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन परियोजना शुरू होने के बाद इस मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही बढ़ेगी, जिससे फाटकों पर गाड़ियों का दबाव कई गुना बढ़ना तय है। ऐसे में यह ओवरब्रिज भविष्य में लगने वाले भारी जाम को रोकने में बेहद कारगर साबित होंगे।
गडकरी ने भी दिया है मांग का हवाला
NHAI के अधिशासी अभियंता विपुल सैनी ने बैठक में बताया कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भी डॉ. अग्रवाल द्वारा पूर्व में की गई इस मांग का संज्ञान लेते हुए प्रस्ताव पर तेजी से काम करने के निर्देश दिए हैं। विधायक डॉ. अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आगामी वर्षों की ट्रैफिक जरूरतों का आकलन करते हुए कार्ययोजना और प्रस्ताव तैयार करने की प्रक्रिया में तेजी लाएं।
स्थानीय लोगों व पर्यटकों को मिलेगी राहत
डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि इस परियोजना के पूरे होने से न केवल स्थानीय निवासियों को रोजाना के ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी, बल्कि देश-विदेश से आने वाले लाखों तीर्थयात्रियों और पर्यटकों की आवाजाही भी सुगम और सुरक्षित होगी।
बैठक में NHAI के अधिशासी अभियंता विपुल सैनी, सहायक अभियंता विजय कुमार, कनिष्ठ अभियंता अमित कश्यप, PWD के अधिशासी अभियंता भृगुनाथ द्विवेदी सहित संजय सेमवाल और हरीश अरोड़ा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
