ऋषिकेश
तीर्थनगरी ऋषिकेश में अनधिकृत और नियमों की धज्जियां उड़ाकर सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। ARTO प्रवर्तन रश्मि पंत के नेतृत्व में उतरी टीम ने नागालैंड नंबर की एक लग्जरी बस को रोककर जब उसकी पड़ताल की, तो अंदर का नजारा देखकर अधिकारियों के भी होश उड़ गए।
कागजों पर 9 सीट, अंदर ठूंस-ठूंस कर भरे 50 स्लीपर!
जांच में सामने आया कि जो बस सरकारी दस्तावेजों में महज 9 सीट और 32 स्लीपर श्रेणी में पंजीकृत थी, उसे अंदर से पूरी तरह मॉडिफाई करके उसमें अवैध रूप से 50 स्लीपर ठोंक दिए गए थे। इतना ही नहीं, सुरक्षा मानकों को ताक पर रखते हुए बस में क्षमता से 16 अतिरिक्त सवारियां भी ढोई जा रही थीं। यात्रियों की जान से खिलवाड़ का यह बेहद खतरनाक खेल सरेआम जारी था।

फिटनेस निरस्त, बस तत्काल प्रभाव से सीज
गंभीर अनियमितताओं और ओवरलोडिंग को देखते हुए ARTO प्रवर्तन रश्मि पंत ने तुरंत एक्शन लिया। बस की फिटनेस निरस्त करने की संस्तुति के साथ ही वाहन को कब्जे में लेकर कार्यालय परिसर में सीज कर दिया गया है।
”सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, अभियान रहेगा जारी”
ARTO रश्मि पंत ने अवैध वाहन संचालकों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। फर्जीवाड़े और अवैध रूप से चल रही बसों पर परिवहन विभाग का यह चाबुक आगे भी इसी सख्ती से चलता रहेगा।
