कोटद्वार
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, अनारक्षित व आरक्षित टिकट बुकिंग काउंटरों, सर्कुलेटिंग एरिया, विश्रामालय, पेयजल और स्वच्छता सुविधाओं का बारकी से जायजा लिया। उन्होंने यात्रियों के सुगम व सुरक्षित आगमन-प्रस्थान के लिए स्टेशन के प्रवेश एवं निकास द्वारों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि बचे हुए सभी निर्माण कार्यों को उच्च गुणवत्ता मानकों के साथ समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।

कार्यप्रणाली की जांच और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
डीआरएम विनीता श्रीवास्तव ने स्टेशन मास्टर कार्यालय और पैनल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां तैनात स्टेशन मास्टर और पॉइंट्समैन से संवाद कर ट्रेन परिचालन से जुड़े संरक्षा नियमों की जानकारी ली और कर्मचारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। हरित रेलवे की पहल को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने अधिकारियों के साथ स्टेशन परिसर में पौधारोपण भी किया।

सुखरो नदी रेल पुल का निरीक्षण
स्टेशन निरीक्षण के बाद डीआरएम ने स्नेह रोड-कोटद्वार रेलखंड के बीच सुखरो नदी पर स्थित रेल ब्रिज संख्या-16 का भी सुरक्षात्मक निरीक्षण किया। उन्होंने पुल के रख-रखाव और संरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए रेल परिचालन में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इस निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) कौशल किशोर शर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) विपिन शर्मा, वरिष्ठ मंडल अभियंता (चतुर्थ) करन प्रीत सिंह और अधिशासी अभियंता (गति शक्ति) ऋषभ दत्त सहित मंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
