
ऋषिकेश
भारतीय जनता पार्टी टिहरी गढ़वाल ओबीसी मोर्चा और भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं नरेंद्र नगर विधायक सुबोध उनियाल का जन्मदिन धूमधाम से मनाया। रविवार को ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजेंद्र थलवाल के नेतृत्व में मुनिकीरेती स्थित कैलाश गेट गंगा तट पर भव्य दुग्धाभिषेक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपाइयों और स्थानीय लोगों ने मां गंगा का दूध से अभिषेक कर कैबिनेट मंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और प्रदेश की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। इस दौरान युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष कौशल बिजलवान ने कहा कि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल प्रदेश के समग्र विकास के लिए दिन-रात संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रहे हैं। उनके कुशल नेतृत्व में नरेंद्र नगर विधानसभा सहित पूरे क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। वहीं सभासद प्रतिनिधि रोहित गोदियाल ने मंत्री उनियाल के जनहित में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अपनी कार्यशैली और विकासपरक सोच के कारण क्षेत्रवासी उन्हें प्यार से “विकास पुरुष” के रूप में जानते हैं। प्रदेश की प्रगति में उनका योगदान अतुलनीय है। इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री वैभव थपलियाल, विनोद लेखवार, विवेक रावत, अनिल कोठारी, राजदीप भंडारी, सागर सैलवान, राकेश गुप्ता, विकास शर्मा, रोहित पासवान, अंकित गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
