
ऋषिकेश
पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए ‘लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन’ ने शहर में वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया। यह कार्यक्रम वन विभाग के डिप्टी रेंजर गजेंद्र सिंह, फारेस्टर सुनील बटुला व क्लब अध्यक्ष शिवम अग्रवाल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। अभियान के तहत देहरादून रोड स्थित फॉरेस्ट चौकी के समीप वन क्षेत्र में फलदार और औषधीय प्रजातियों के कुल 51 पौधे रोपित किए गए। क्लब के संस्थापक ललित मोहन मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि क्लब ने एक पहल के अंतर्गत आदर्श नगर के प्रमुख मार्गों पर भी 10 से 12 फीट ऊंचे बड़े पौधे लगाए हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रयोग के सफल होने पर शहर के अन्य मुख्य मार्गों पर भी इसी प्रकार बड़े पौधे रोपित कर ऋषिकेश को हरित शहर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएंगे। वृक्षारोपण के दौरान क्लब अध्यक्ष शिवम अग्रवाल ने कहा कि हर लगाया गया पेड़ आने वाली पीढ़ियों के लिए ऑक्सीजन, छाया और जीवन का प्रतीक है। लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन निरंतर सेवा, समर्पण और पर्यावरण संरक्षण के पथ पर अग्रसर है। इस सेवा यज्ञ में क्लब के कई कर्मठ एवं ऊर्जावान सदस्य शामिल रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से क्लब संस्थापक लियो लायन ललित मोहन मिश्र, अध्यक्ष शिवम अग्रवाल, सचिव अक्षत चौहान, कोषाध्यक्ष कमल नारंग, महेश किंगर, विकास ग्रोवर, विनोद बिष्ट, विनीत चावला, मुकेश अग्रवाल, लोकेश अग्रवाल और जगदीश पनेसर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
