
ऋषिकेश
सावन के महीने में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और कांवड़ यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए मुनिकीरेती पुलिस एक बार फिर पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गई है। पुलिस की विशेष नजर उन कांवड़ियों पर है जो यात्री वाहनों के बजाय मालवाहक वाहनों में सफर कर रहे हैं। दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस ने भद्राकाली चेक पोस्ट पर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के दौरान मालवाहक वाहनों से यात्रा कर रहे कांवड़ियों को मौके पर ही रोका जा रहा है और उन्हें सुरक्षा के लिहाज से यात्री वाहनों के माध्यम से गंगोत्री धाम के लिए रवाना किया जा रहा है। इसके साथ ही पुलिस टीम कांवड़ियों को सड़क सुरक्षा के नियमों और मालवाहक वाहनों में सफर करने के खतरों के प्रति जागरूक भी कर रही है। कार्रवाई के दौरान आज पुलिस ने करीब दर्जनभर ऐसे मालवाहक वाहनों को रोका जिनमें कांवड़िये जोखिम भरा सफर तय कर रहे थे। एसएसपी श्वेता चौधरी ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को शून्य करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। उनके निर्देशानुसार मुनिकीरेती इंस्पेक्टर प्रदीप चौहान के नेतृत्व में चौकी प्रभारी राजेंद्र रावत भद्राकाली चेक पोस्ट पर मुस्तैदी से चेकिंग अभियान चला रहे हैं। पुलिस की इस पहल का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित और सुखद बनाना है।
