
ऋषिकेश
ऋषिकेश में भाजपा ने युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। जिसमें मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा और विधायक प्रेमचंद अग्रवाल पहुंचे। मौके पर युवा कार्यकर्ताओं ने मुख्य अतिथियों का गर्म जोशी के साथ स्वागत किया और उन्हें पुष्पमाला पहनाई और बुके भेंट कर सम्मान दिया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने युवाओं के हित और प्रदेश के विकास को लेकर सरकार की नीतियों पर खुलकर विचार रखे। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य युवाओं की समस्याओं, उनकी सोच और उनकी अपेक्षाओं को समझकर नीतियां बनाना है। बताया कि कार्यक्रम के दौरान ऋषिकेश के युवाओं ने सीधे संवाद कर अपने-अपने प्रश्न और सुझाव रखे, जिनका समाधान प्रमुखता से किया गया। पूर्व कैबिनेट मंत्री और विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि निश्चित रूप से युवाओं से लगातार संवाद होना चाहिए। आज का दौर युवाओं का है, इसलिए युवाओं की सोच के अनुरूप ही नीतियां और योजनाएं बनाई जाएंगी। युवाओं के तर्क-वितर्क और विचारों को आगे लाकर ही प्रदेश के विकास का रोडमैप तैयार किया जा रहा है। बताया कि प्रदेश के युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर पूरे उत्तराखंड में इस तरह के युवा संवाद कार्यक्रमों की शुरुआत की गई है। राज्य के सभी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवा इन सम्मेलनों में पहुंचकर अपने विचार साझा कर रहे हैं। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में कई घोटाले हुए जिससे युवा हताश और परेशान रहे। जबकि धामी सरकार के नेतृत्व में अब तक 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। कठोर कानून लागू होने के बाद से नकल माफिया सलाखों के पीछे हैं। अब बिना किसी पर्ची और खर्ची के मध्यम और गरीब वर्ग के मेहनती युवाओं को ईमानदारी से नौकरियां मिल रही हैं।
