
रुड़की
मासूमों पर बुरी नजर डालने वाले अपराधियों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। कोतवाली गंगनहर क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अगवा करने और उसके साथ दुष्कर्म करने वाले 45 साल के आरोपी पप्पू को पुलिस ने दबोचकर सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक दिलदहला देने वाला यह मामला 4 जून को सामने आया, जब गंगनहर क्षेत्र की एक बेबस मां ने कोतवाली पहुंचकर अपनी नाबालिग बेटी के अपहरण और उसके साथ हुए गंदे काम की तहरीर दी। शिकायत मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए आरोपी पप्पू के खिलाफ कानूनी धारा और कड़े पॉक्सो एक्ट के तहत केस ठोक दिया। मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण एसएसपी हरिद्वार ने खुद कमान संभाली और तुरंत तेजतर्रार पुलिसकर्मियों की टीम बनाई। मुखबिरों को एक्टिव किया और आरोपी के छिपने के हर ठिकाने पर जाल बिछाया। चारों तरफ से घिर चुके आरोपी पप्पू को गंगनहर पुलिस ने ग्राम पनियाला चांदपुर से उस वक्त दबोच लिया, जब वह भागने की फिराक में था। खाकी का शिकंजा कसते ही आरोपी की सारी हेकड़ी निकल गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर सीधे कोर्ट में पेश कर जेल की राह दिखा दी है।
