
ऋषिकेश
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ऋषिकेश द्वारा सामाजिक सरोकारों के तहत आज बापूग्राम स्थित पंचायत भवन में एक दिवसीय निःशुल्क लीवर स्क्रीनिंग टेस्ट शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस जन-कल्याणकारी स्वास्थ्य शिविर में क्षेत्र के सैकड़ों नागरिकों ने पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई और विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श लिया। शिविर का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि ऋषिकेश नगर निगम के माननीय महापौर शम्भू पासवान द्वारा दीप प्रज्वलित कर तथा ज्ञान की देवी मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया गया।

इस शिविर में एम्स ऋषिकेश के वरिष्ठ एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने अपनी नि:स्वार्थ सेवाएं प्रदान कीं। शिविर के दौरान आए हुए स्थानीय निवासियों का निःशुल्क लीवर स्क्रीनिंग टेस्ट किया गया। जांच के साथ-साथ डॉक्टरों द्वारा मरीजों को लीवर से संबंधित गंभीर बीमारियों से बचाव के तरीके बताए गए। सही खान-पान और संतुलित आहार की जानकारी दी गई। एक स्वस्थ दिनचर्या अपनाने के लिए उचित परामर्श व मार्गदर्शन दिया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि महापौर शम्भू पासवान ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के इस सेवाभावी प्रयास की जमकर सराहना की।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा विद्यार्थी परिषद केवल शिक्षा और छात्र हितों में ही नहीं, बल्कि समाज सेवा और जन-स्वास्थ्य के कार्यों में भी हमेशा अग्रणी रहती है। वर्तमान समय में खान-पान की बदलती आदतों के कारण लीवर संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में एम्स ऋषिकेश के डॉक्टरों के सहयोग से बापूग्राम में इस प्रकार का निःशुल्क जांच शिविर लगाना स्थानीय जनता के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होगा। स्वास्थ्य शिविर को पूरी तरह सफल बनाने में एबीवीपी के स्थानीय पदाधिकारियों, समर्पित कार्यकर्ताओं और एम्स ऋषिकेश के मेडिकल स्टाफ ने अपना महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। स्थानीय जनता ने इस राहतकारी शिविर के आयोजन के लिए विद्यार्थी परिषद का आभार व्यक्त किया है।

