
ऋषिकेश
ऋषिकेश के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित पत्रकार सत्य प्रकाश बडोला का 77 वर्ष की आयु में हृदय गति रुकने (हार्ट अटैक) से निधन हो गया। वे श्यामपुर के रहने वाले थे। उनके आकस्मिक निधन की खबर से पूरे श्यामपुर क्षेत्र और उत्तराखंड के पत्रकार जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। बडोला जी के निधन को पत्रकारिता जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। वे अपने पीछे पत्नी, दो बेटे, दो विवाहित बेटियां और नाती-पोतों से भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
आज दोपहर 1 बजे होगा अंतिम संस्कार
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, उनकी अंतिम यात्रा आज उनके श्यामपुर स्थित निवास स्थान से शुरू होगी। दोपहर 1 बजे पार्थिव शरीर को ऋषिकेश के पूर्णानंद घाट लाया जाएगा। जहां पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
लेखनी से समाज को दिखाया आईना
सत्य प्रकाश बडोला ने लंबे समय तक राज्य के कई प्रतिष्ठित और मुख्यधारा के समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दीं। हालांकि, काफी समय पहले उन्होंने सक्रिय पत्रकारिता से संन्यास ले लिया था, लेकिन अपने दौर में उन्होंने अपनी धारदार लेखनी का लोहा मनवाया और हमेशा समाज को आईना दिखाने का काम किया। अपने उत्कृष्ट कार्य के बावजूद वे बेहद विनम्र और सरल स्वभाव के धनी थे।
क्षेत्र में शोक की लहर, दिग्गजों ने जताया दुख
उनके निधन की सूचना मिलते ही शहर के तमाम प्रतिष्ठित नागरिकों, समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। इस दुख की घड़ी में बडोला जी के निवास स्थान पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है। शहर के पत्रकारों के साथ गणमान्य नागरिकों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि सत्य प्रकाश बडोला जी का जाना पत्रकारिता जगत के एक गौरवशाली अध्याय का अंत है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को यह असीम दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
