
ऋषिकेश
देवभूमि उत्तराखंड की वादियों में एक बार फिर भक्ति का ऐसा अनूठा संगम होने जा रहा है, जिसकी गूंज पूरे देश-दुनिया में सुनाई देगी। उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध और लोकप्रिय लोक गायक पवन सेमवाल के पैतृक गांव चाका पिछवाड़ा में आगामी 15 जून से ऐतिहासिक और भव्य श्रीमद् देवी भागवत महापुराण नवाह ज्ञान यज्ञ का आयोजन होने जा रहा है। इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर पूरे क्षेत्र में भारी उत्साह का माहौल है। इस महायज्ञ की शुरुआत बेहद अलौकिक ढंग से होगी। कथा शुरू होने से ठीक एक दिन पहले 14 जून को जगदंबा कुलदेवी सिद्धपीठ भुवनेश्वरी माता की पवित्र डोली को शाही स्नान के लिए मोक्षदायिनी मां गंगा की नगरी हरिद्वार ले जाया जाएगा। हरिद्वार में गंगा स्नान के बाद माता की डोली भक्तों को आशीर्वाद देते हुए वापस अपने भवन लौटेगी। 15 जून को कलश यात्रा के साथ महायज्ञ का शंखनाद होगा। इसके बाद प्रतिदिन मंडप पूजन और कथा प्रवचन किया जाएगा। आचार्य नीरज उनियाल भक्तों को कथा का श्रवण कराएंगे। 23 जून को पूर्ण आहुति के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

🎤 लोक गायक पवन सेमवाल ने सुरों से सजाया ‘नेवता’, सोशल मीडिया पर धूम!
अपनी सुरीली आवाज से उत्तराखंड की संस्कृति को देश-विदेश में पहुंचाने वाले लोक गायक पवन सेमवाल ने इस बार मां भगवती के चरणों में अपनी कला को समर्पित किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक बेहद खूबसूरत और भक्तिमय गीत के माध्यम से देश और दुनिया के तमाम श्रद्धालुओं को अपने गांव आने का खुला निमंत्रण दिया है। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
🏛️ ग्राम प्रधान और मंदिर समिति की देश-विदेश के भक्तों से भावुक अपील
ग्राम पंचायत चाका पिछवाड़ा की ग्राम प्रधान अनिता सेमवाल और ‘समस्त माता भक्त सिद्धपीठ भुवनेश्वरी मन्दिर समिति’ ने संयुक्त रूप से देश-दुनिया में रहने वाले उत्तराखंडियों और तमाम सनातनी भक्तों को इस महायज्ञ में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया है।मंदिर के पूजनीय पुजारी पं० दिनेश उनियाल ने संदेश दिया है कि सभी श्रद्धालु माता भक्त, कथा प्रेमी सपरिवार और इष्ट मित्रों सहित पधारकर मां भगवती का दिव्य आशीर्वाद और प्रसाद ग्रहण कर पुण्य के भागी बनें।
