
ऋषिकेश
दीपावली पार्टी से घर लौट रहे युवकों का रास्ता रोककर मारपीट करने और जान से मारने की नीयत से हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने 4 नामजद और 1 अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। ऋषिकेश कोतवाली पुलिस के मुताबिक तिलक रोड, ऋषिकेश निवासी वादी कृष्ण डुडेजा पुत्र जय प्रकाश डुडेजा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 9 नवंबर की तड़के लगभग 3:30 बजे वह अपने दोस्तों के साथ दीपावली पार्टी से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान गंगानगर स्थित पैरामैक्स अपार्टमेंट के पास पुरानी आपसी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि जब वादी और उनके साथियों ने गाली-गलौज का विरोध किया, तो आरोपियों ने एकराय होकर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। इस हमले में वादी को गंभीर और अंदरूनी चोटें आई हैं। हमलावरों ने मौके पर जान से मारने की धमकी भी दी। कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक नवीन जोशी ने बताया कि जिन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है उनमें शिवांश गुप्ता, पार्थ राजपूत, अनिकेत राजपूत, ध्रुविश चौधरी व एक अन्य अज्ञात आरोपी शामिल है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
