
ऋषिकेश
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षा में ऋषिकेश की बेटी अंजलि नेगी ने शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अंजलि का चयन स्टेट टैक्स ऑफिसर के पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से उनके परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। अंजलि के पिता दिनेश सिंह नेगी पेशे से एक शेफ हैं और माता निर्मला नेगी एक गृहणी हैं। बेटी की इस बड़ी कामयाबी पर माता-पिता बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं। अंजलि ने अपनी शुरुआती पढ़ाई ऋषिकेश के स्वामी ओंकारानंद मोंटेसरी स्कूल से कक्षा 8वीं तक पूरी की। इसके बाद उन्होंने आगे की स्कूली शिक्षा डीएसबी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल से 12वीं तक की। स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने देश के प्रतिष्ठित मिरांडा हाउस कॉलेज दिल्ली विश्वविद्यालय से अपनी ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की। अपनी इस सफलता पर अंजलि नेगी ने खुलकर बात की और भविष्य के अभ्यर्थियों के लिए अपनी रणनीति साझा करते हुए कहा कि उन्होंने प्रारंभिक परीक्षा की तैयारी अपनी कोचिंग प्रयाग आईएएस एकेडमी’के साथ ही की थी। प्रीलिम्स क्लियर होने के बाद ही मुख्य परीक्षा की तैयारी शुरू की। इसके लिए कोचिंग में क्रैश कोर्स और टेस्ट सीरीज जॉइन की थी। इंटरव्यू के लिए सम्यक आईएएस एकेडमी’और प्रयाग आईएएस एकेडमी’में मॉक इंटरव्यू दिए, जिससे काफी मदद मिली। आज के दौर में यूट्यूब ज्ञान का एक बड़ा जरिया बन चुका है, यह आप पर निर्भर करता है कि आप इसका इस्तेमाल कैसे करते हैं। इसके अलावा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और चैटजीपीटी ने मेन्स की आंसर राइटिंग में बहुत मदद की क्योंकि मुख्य परीक्षा ही आपका चयन तय करती है। तैयारी कर रहे अन्य युवाओं को संदेश देते हुए अंजलि ने कहा कि निरंतरता ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा अगर आपको खुद पर भरोसा है कि आप यह कर सकते हैं, तो आप निश्चित रूप से इसे हासिल कर लेंगे। बस कड़ी मेहनत करें और खुद पर विश्वास रखें।
