पिथौरागढ़
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। वड्डा क्षेत्र के मड़ेगांव निवासी फौजी कैलाश चंद्र जोशी के 15 वर्षीय बेटे जतिन जोशी की शनिवार सुबह शारीरिक अभ्यास के दौरान मौत हो गई। इस दुखद घटना के सदमे को मां सहन नहीं कर सकीं और उन्होंने सरयू नदी में कूद लगा दी।
अभ्यास के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, कक्षा 9वीं का छात्र जतिन जोशी शनिवार सुबह रोज की तरह वड्डा के झौलखेत खेल मैदान में दौड़ लगाने गया था। दौड़ते समय वह अचानक अचेत होकर गिर पड़ा। स्थानीय लोग और परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों के पास पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
बेटे के शव को चुनरी ओढ़ाकर निकलीं मां
बेटे की आकस्मिक मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। मां पूनम गहरे सदमे में आ गईं। उन्होंने अस्पताल में रखे बेटे के पार्थिव शरीर पर प्यार से चुनरी ओढ़ाई और किसी को बिना बताए अस्पताल से बाहर निकल गईं।
30 किमी दूर जाकर नदी में लगाई छलांग
अस्पताल से निकलकर पूनम गंगोलीहाट की ओर जा रही एक टैक्सी में सवार हो गईं। लगभग 30 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद वह वाहन से उतरीं और पुराने पुल से सरयू नदी में छलांग लगा दी। इस दोहरे हादसे के बाद पूरे गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
