ऋषिकेश
ऋषिकेश रोडवेज बस स्टैंड के बाहर सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन कर सवारी बैठाने वाली इलेक्ट्रिक बस पर परिवहन विभाग ने शिकंजा कस दिया है। गलत दिशा में वाहन खड़ा कर सवारी भरने और जानलेवा ड्राइविंग करने पर बस को सीज कर दिया गया है। इसके अलावा चालक के लाइसेंस निलंबन और वाहन स्वामी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की संस्तुति उच्च स्तर पर भेजी गई है। एआरटीओ प्रवर्तन रश्मि पंत ने बताया कि देहरादून-ऋषिकेश रूट पर संचालित इलेक्ट्रिक बसों द्वारा लगातार नियम विरुद्ध संचालन की शिकायतें मिल रही है। बस चालकों द्वारा बस अड्डे के सामने गलत दिशा में और अन्य मुख्य मार्गों पर बीच सड़क वाहन रोककर

यातायात बाधित किया जा रहा है। इसी क्रम में चेकिंग के दौरान इलेक्ट्रिक बस को बस अड्डे के बाहर गलत दिशा में खड़ा कर सवारी भरते हुए पकड़ा गया। टीम ने जब बस को रोकने का प्रयास किया, तो चालक ने पकड़े जाने के डर से बस को गलत दिशा में ही करीब 100 मीटर तक उलटा दौड़ा दिया। चालक की इस लापरवाही से न केवल बस में सवार यात्रियों की जान पर बन आई, बल्कि सड़क पर आवाजाही कर रहे आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा हो गया। कार्रवाई के दौरान बस अड्डा परिसर के बाहर अवैध रूप से सवारी बिठाती पाई गईं दो मैक्सी कैब पर भी कार्रवाई की गई। विभाग ने दोनों चालकों को सख्त चेतावनी दी है कि भविष्य में दोबारा इस स्थान से अवैध संचालन पाया गया, तो वाहनों के परमिट निरस्त कर दिए जाएंगे।
