रायवाला
रायवाला थाना क्षेत्र अंतर्गत सौंग नदी रेलवे ब्रिज के पास ट्रेन से गिरकर एक अज्ञात युवक की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेला अस्पताल हरिद्वार की मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक बुधवार शाम करीब 6 बजे वन विभाग के कर्मचारियों ने रायवाला पुलिस को सूचना दी कि सौंग नदी रेलवे ब्रिज से एक व्यक्ति नीचे गिर गया है। सूचना मिलते ही कोतवाली से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। रेलवे ब्रिज के ठीक नीचे करीब 30-35 वर्ष का एक युवक लहुलूहान हालत में पड़ा मिला, जिसके सिर के पिछले हिस्से और पैरों में गंभीर चोटें आई थीं। घटनास्थल पर तत्काल 108 एम्बुलेंस को बुलाया गया, जहां स्वास्थ्यकर्मियों ने परीक्षण के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक की तलाशी ली और आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन उसके पास से ऐसा कोई सामान या दस्तावेज बरामद नहीं हुआ जिससे उसकी पहचान हो सके। वरिष्ठ उपनिरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से नीचे गिरने के कारण आई गंभीर चोटों से हुई मौत का प्रतीत हो रहा है। मृतक की शिनाख्त के लिए आसपास के गांवों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। शव को पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद मोर्चरी मेला अस्पताल हरिद्वार भिजवा दिया गया है। मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं।
