ऋषिकेश
कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र में एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म करने और आपत्तिजनक वीडियो-फोटो बनाकर ब्लैकमेल करने के गंभीर मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पीड़िता पर लगातार मिलने का दबाव बना रहा था। पुलिस ने आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराकर उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
नशीला पदार्थ खिलाकर बनाया था वीडियो
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को गंगानगर निवासी पीड़िता की मां ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी अखिलेश उर्फ अक्की ने उनकी नाबालिग बेटी को झांसा देकर तपोवन बुलाया। आरोप है कि वहां उसे नशीला पदार्थ दिया और एक होटल के कमरे में ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने पीड़िता के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए, जिन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर वह लगातार उसे ब्लैकमेल कर रहा है। घटना के बाद भी आरोपी फोन और मैसेज के जरिए पीड़िता पर मिलने का दबाव बना रहा था।
मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने दबोचा
शिकायत के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2)/64, पॉक्सो अधिनियम (धारा 3/4, 13/14) और बाल किशोर न्याय अधिनियम (धारा 77) के तहत मुकदमा (मु0अ0सं0-411/2026) दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के पर्यवेक्षण में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। 13 सितंबर को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने नेहरूग्राम स्थित आरोपी के घर के बाहर दबिश दी और शाम 6:15 बजे अखिलेश उर्फ अक्की को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट (प्रभारी निरीक्षक), महिला उपनिरीक्षक सीमा राघव, कांस्टेबल दिनेश महर (787) और कांस्टेबल संदीप छावड़ी (886)
