हरिद्वार
हरिद्वार के बहादराबाद इलाके में रविवार की सुबह-सुबह उस वक्त कोहराम मच गया, जब मौत बनकर एक भारी-भरकम मगरमच्छ सीधे एक रिहायशी मकान की बालकनी में आ धमका! रघुनाथ मॉल के पास बनी कॉलोनी में जैसे ही लोगों ने अपनी बालकनी में खूंखार मगरमच्छ को रेंगते देखा, पूरे इलाके में चीख-पुकार और दहशत फैल गई।
गंगनहर से निकला ‘काल’, बालकनी बनी अखाड़ा!
बताया जा रहा है कि यह विशालकाय मगरमच्छ पास ही उफान मार रही गंगनहर से निकलकर खामोशी से इंसानी बस्ती में दाखिल हुआ और सीधे घर की बालकनी तक जा पहुंचा। सुबह-सुबह घर के परिजनों की नजर जैसे ही इस शिकारी पर पड़ी, उनके पांव तले जमीन खिसक गई। पल भर में पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

‘स्नेक मैन’ ने मौत के जबड़े से किया रेस्क्यू!
खौफ के इस माहौल के बीच स्थानीय लोगों ने फौरन वन विभाग को इत्तला दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की क्यूआरटी (QRT) टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद शुरू हुआ सांसें थाम देने वाला रेस्क्यू ऑपरेशन!
टीम के जांबाज सदस्य ‘स्नेक मैन’ संतन सिंह ने अपनी जान की परवाह किए बिना इस आदमखोर शिकारी को काबू में करने के लिए मोर्चा संभाला। भारी मशक्कत और रोंगटे खड़े कर देने वाले ड्रामे के बाद संतन सिंह ने मगरमच्छ को सफलतापूर्वक सुरक्षित दबोच लिया।
वन विभाग की टीम मगरमच्छ को अपने साथ सुरक्षित ले गई है, तब जाकर कॉलोनी के लोगों ने राहत की सांस ली। लेकिन इस घटना के बाद से पूरे इलाके में गंगनहर के पानी से आने वाले इस अनजाने खतरे को लेकर दहशत का माहौल है!
