ऋषिकेश
ऋषिकेश के आईडीपीएल इंटर कॉलेज परिसर में खेल महाकुंभ 2026 के अंतर्गत दो दिवसीय विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन ऋषिकेश विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने गुब्बारे आकाश में छोड़कर किया। इस खेल प्रतियोगिता में विधानसभा क्षेत्र के 547 युवा खिलाड़ी हिस्सा लेने के लिए पहुंचे हैं। जो अगले दो दिन तक अपनी रुचि के खेलों में प्रतिभा का दम दिखाएंगे। 14 सितंबर को अव्वल आने वाले खिलाड़ियों को उत्साहवर्धन के लिए सम्मानित किया जाएगा। खास बात यह है कि इस खेल में 14 से 19 वर्ष तक के खिलाड़ियों को दम दिखाने का मौका दिया गया है। विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलो इंडिया अभियान और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप इस खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है।

इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की दुष्प्रवृत्ति से दूर रखकर खेल संस्कृति से जोड़ना है। जिससे वह शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ व मजबूत बन सकें। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में विभिन्न प्रतियोगिताओं जैसे एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी और अन्य खेलों में सैकड़ों छात्र-छात्राएं व खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। खेल प्रतिभाओं को निखारने का यह बेहतरीन मंच है। युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि खेल में जो जीतता है वह तो जीतता ही है, लेकिन जो हारता है वह सीखता है। उन्होंने कहा कि हारने वाला खिलाड़ी अपनी कमियों से सीख लेकर अगली बार और बेहतर प्रदर्शन के साथ आगे बढ़ता है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने खेल मंत्री, मुख्यमंत्री तथा आयोजन से जुड़े सभी अतिथियों व आयोजकों का आभार व्यक्त किया और भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को अपनी शुभकामनाएं दीं।
