
ऋषिकेश
छात्रों के समर्थन में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे जनप्रतिनिधियों और नेताओं पर हुए लाठीचार्ज तथा पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में महानगर कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाया है। आज महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर केंद्र सरकार को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की। मौके पर जमकर नारेबाजी पर प्रदर्शन भी किया। इस दौरान महानगर अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र और कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला ने कहा कि छात्रों की जायज मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे नेता प्रतिपक्ष, सांसदों और अन्य नागरिकों पर लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले छोड़ना और अभद्र व्यवहार करना अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के इशारे पर हुई यह कार्रवाई संविधान प्रदत्त अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला है। पूर्व अध्यक्ष राकेश सिंह एवं जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि देश का युवा आज अपने भविष्य को लेकर बेहद चिंतित है। सरकार को उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए था, लेकिन इसके उलट उन पर और उनके समर्थन में आए जनप्रतिनिधियों पर बल प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक परंपराओं पर करारा आघात है।

कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति से इस पूरे घटनाक्रम का तुरंत संज्ञान लेते हुए संवैधानिक कार्रवाई करने और युवाओं के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, मधु जोशी, मदन मोहन शर्मा, चंदन सिंह पंवार, पार्षद अभिनव सिंह मालिक, पार्षद भगवान सिंह पंवार, जगजीत सिंह, सन्नी प्रजापति, अभिषेक शर्मा, बृज भूषण बहुगुणा, हरि सिंह नेगी, सूरत सिंह कोहली, मनोज गुसाईं, रुक्म पोखरियाल, अशोक शर्मा, राजेश साह, बप्पी अधिकारी, विशाल स्नेह, सूरज भट्ट, अरविंद, रवि थापा, भूपेंद्र राणा, मनीष जाटव, सौरभ वर्मा, कमला देवी, अरविन्द यादव, मुन्नी बिष्ट, विक्रम वशिष्ठ आदि शामिल रहे।
