
लक्ष्मणझूला
जनपद में नशे के कारोबार को जड़ से उखाड़ने और नशा तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने जाल बिछाकर दो अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे 5 हजार के इनामी मुख्य ड्रग सप्लायर को उत्तरकाशी से धर दबोचा है। पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया आरोपी पौड़ी जनपद में चरस की बड़ी खेप सप्लाई करने वाले मुख्य नेटवर्क का हिस्सा है। कोतवाल सूर्य भूषण नेगी ने बताया कि 1 मार्च को भीमगोड़ा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान बाइक सवार मेनपाल और राजकुमार को कुल 1 किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया गया था। जबकि 25 जून को चंद्रपाल से 1 किलो चरस बरामद हुई थी। इन गिरफ्तारियों के बाद जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की और साक्ष्य जुटाए, तो सामने आया कि इन सभी तस्करों को चरस की सप्लाई उत्तरकाशी का रहने वाला बृजपाल कर रहा है। तब से पुलिस को बृजपाल की तलाश थी। लेकिन वह लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था। लापरवाही न बरतते हुए एसएसपी ने आरोपी पर 5 हजार का इनाम घोषित किया। आज आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
