
ऋषिकेश
जन जन की सरकार जन जन के द्वार कार्यक्रम के तहत ऋषिकेश में बहुउद्देशीय एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन नगर निगम ने किया। इस शिविर में नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग और परिवहन सहित तमाम प्रशासनिक विभागों ने अधिकारी पहुंचे। उन्होंने लोगों की समस्याओं का मौके पर सुना और उनका निपटारा भी किया। मेयर शंभू पासवान और नगर आयुक्त विजयनाथ शुक्ला ने शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आम जनता की उन समस्याओं का एक ही छत के नीचे समाधान करना है। जिसके लिए उन्हें कई दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे है। बता दे कि सुबह 10 बजे से शुरू हुए इस शिविर में लोगों की भारी भीड़ देखी गई। शिविर में कई विभागों ने स्टॉल लगाए। इन स्टॉल पर लोग लगातार अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। मेयर और नगर आयुक्त के मुताबिक इस शिविर के आयोजन का एकमात्र लक्ष्य जन कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ जनता तक पहुंचना रहा। मेयर शंभू पासवान ने बताया कि अक्सर देखा जाता है कि लोग अपने छोटे-छोटे कामों के लिए चाहे वह आधार कार्ड से जुड़ा हो, जमीन का मामला हो या स्वास्थ्य से संबंधित समस्या, तहसील और देहरादून के चक्कर काटते हैं। नगर निगम और प्रदेश सरकार का यह प्रयास है कि लोगों को भटकना न पड़े और उनके सभी काम एक ही जगह पर संपन्न हो जाएं। मेयर ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि आज अधिकारियों और कर्मचारियों को जनता के बीच भेजा जा रहा है। यह केवल ऑफिस में बैठकर काम करने का समय नहीं है। आज अधिकारी खुद जनता के द्वार तक पहुंच रहे हैं ताकि समाज के सबसे अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।
