
ऋषिकेश
ऋषिकेश और उसके आसपास के क्षेत्र में आत्महत्या के दो अलग-अलग सनसनीखेज मामले सामने आए हैं। इन घटनाओं में एक व्यक्ति ने अपने घर के भीतर पंखे से फंदा लगाया, वहीं एक अज्ञात व्यक्ति का शव रेलवे स्टेशन के पास संदिग्ध परिस्थितियों में लटका हुआ मिला। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक पहली घटना श्यामपुर क्षेत्र की है। जहां 50 वर्षीय जसवंत सिंह ने अपने घर के एक कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रात के समय जब जसवंत की पत्नी ने खिड़की से कमरे के अंदर झांका, तो उनके होश उड़ गए। जसवंत पंखे से चुन्नी के सहारे लटके हुए थे। पत्नी ने तुरंत अपने बेटे को जगाया। हालांकि, पुलिस और एम्बुलेंस के पहुंचने से पहले ही बदहवास परिजनों ने शव को फंदे से नीचे उतार लिया था, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। चौकी प्रभारी सुमित चौधरी ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। परिजनों के मुताबिक जसवंत नशे के आदी थे, जिसके कारण उन्हें कुछ समय पहले नशा मुक्ति केंद्र भेजा गया था। वह कुछ ही दिन पहले वहां से घर लौटे थे। फॉरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी सबूत जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दूसरी घटना योगनगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन के पीछे की है, जहां एक अज्ञात व्यक्ति का शव रेलवे के स्लीपर से रस्सी के सहारे लटका हुआ पाया गया। शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारा। एसआई सुमित चौधरी ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 50 वर्ष के आसपास प्रतीत हो रही है। शव लगभग एक सप्ताह पुराना लग रहा है, जिससे उसमें से दुर्गंध आ रही थी। पुलिस को मृतक की जेब या कपड़ों से ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला है जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस दोनों मामलों की गंभीरता से जांच कर रही है। जहां एक तरफ जसवंत की आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ रेलवे स्टेशन के पास मिले अज्ञात व्यक्ति की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों और सोशल मीडिया का सहारा लिया जा रहा है।
