
ऋषिकेश
टिहरी गढ़वाल के प्रतापनगर में अनुसूचित जाति के युवक केतन लाल की बेरहमी से पीट-पीटकर की गई हत्या के मामले में बहुजन समाज पार्टी ने कड़ा रुख अपनाया है। आज ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पंकज जाटव के नेतृत्व में बसपा कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी ऋषिकेश के माध्यम से उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में दोषियों को कड़ी सजा देने और पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता व सरकारी नौकरी देने की मांग की गई है। ज्ञापन में बताया गया कि मृतक केतन लाल के परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय है। घर के कमाऊ सदस्य की मृत्यु के बाद परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। इसलिए सरकार पीड़ित परिवार को 20 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करे। पीड़ित परिवार के एक सदस्य को भरण-पोषण के लिए सरकारी नौकरी दी जाए। इस ज्ञापन पर मुख्य रूप से बसपा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पंकज जाटव, बृजेश कुमार, जसकरन यादव, इन्द्रजीत सिंह कपरूवान, जगन्नाथ भारती, संजीव कुमार जाटव (बिट्टू), और रमेश चंद गौतम सहित कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के हस्ताक्षर मौजूद हैं। इस ज्ञापन की एक प्रति ‘अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग, उत्तराखंड’ को भी प्रेषित की गई है।
