
चंबा टिहरी
सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करना किस कदर भारी पड़ सकता है, इसका एक खौफनाक मामला टिहरी गढ़वाल से सामने आया है। इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद मिलने आई एक महिला पर उसके ही दोस्त ने पत्थर से जानलेवा हमला कर दिया और उसे लहूलुहान हालत में खेत में छोड़कर फरार हो गया। टिहरी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
दवाई लेने आई थी महिला, खेत में मिली लहूलुहान
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीते 5 जून को ज्ञानसू टिहरी निवासी एक युवक ने कोतवाली चंबा में तहरीर देकर बताया कि उसकी चाची 4 जून को दवाई लेने चंबा आई थीं, जिसके बाद से उनका फोन बंद हो गया। काफी खोजबीन के बाद महिला चंबा क्षेत्र के भंडार गांव के एक सुनसान खेत में गंभीर हालत में पड़ी मिली। उनके सिर पर गहरे जख्म थे। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पहले एम्स ऋषिकेश और फिर गंभीर हालत को देखते हुए जौलीग्रांट अस्पताल देहरादून रेफर किया गया, जहां वे जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
एसएसपी के निर्देश पर बनी टीमें, मसूरी भागते वक्त धरा गया आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी श्वेता चौबे ने प्रभारी निरीक्षक चंबा के नेतृत्व में तुरंत पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया, सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों सर्विलांस की मदद ली। गहन चेकिंग और सुरागरसी के आधार पर पुलिस ने सुरेश लाल उर्फ सूरज पुत्र गुलाब लाल, निवासी ग्राम कठ्यूड़, थाना पैठाणी, जनपद पौड़ी गढ़वाल को उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वह गिरफ्तारी से बचने के लिए अपनी बहन के पास मसूरी भागने की फिराक में था।
इंस्टाग्राम पर हुई थी मुलाकात, मामूली विवाद में वारदात
पूछताछ में आरोपी सुरेश लाल ने अपना जुर्म कबूल करते हुए चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पहचान पीड़िता से हुई थी। पिछले कई महीनों से दोनों बातचीत कर रहे थे और पहले भी कई बार चंबा में मिल चुके थे। 4 जून को भी दोनों भंडार गांव के एक सुनसान खेत में मिले थे। वहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस और हाथापाई हो गई। गुस्से में आकर आरोपी ने महिला का फोन छीनकर झाड़ियों में फेंक दिया और पास पड़े एक भारी पत्थर से महिला के सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। जब महिला लहूलुहान होकर गिर गई, तो आरोपी उसे वहीं मरणासन्न हालत में छोड़कर भाग गया। खुद को बचाने के लिए उसने अपना मोबाइल बंद कर दिया और सिम कार्ड भी नष्ट कर दिया था। एसएसपी श्वेता चौबे ने वारदात का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम की पीठ थपथपाई है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल पत्थर और महिला का मोबाइल बरामद करने की विधिक कार्रवाई की जा रही है। सफल कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विपिन बहुगुणा, व.उ.नि. सत्येंद्र भंडारी, अ.उ.नि. प्रदीप कुमार, हे.कानि. संतोष सिंह, हे.कानि. शशिकांत, कानि. हरेंद्र, कानि. रामचंद्र और सीआईयू से अपर उपनिरीक्षक सुंदर लाल शामिल है। जनपद पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर बनने वाले अनजान रिश्तों और दोस्ती को लेकर बेहद सतर्कता बरतें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें।
