
कोटद्वार
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रिखणीखाल क्षेत्र में एक कलयुगी भाई पर अपनी ही नाबालिग चचेरी बहन के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पौड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 2 जून 2026 को रिखणीखाल निवासी एक व्यक्ति ने थाने में शिकायती प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उसकी नाबालिग पुत्री के साथ उसके चचेरे भाई सोनू ने दुष्कर्म किया है। इस तहरीर के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में सोनू के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया। नाबालिग से जुड़े इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने महिलाओं और बच्चों संबंधी अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने विवेचना अधिकारी को तत्काल और प्रभावी वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निर्देशों के क्रम में पुलिस टीम ने तेजी से जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पीड़िता के नियमानुसार बयान दर्ज किए गए और घटनाक्रम से जुड़े तमाम साक्ष्यों को संकलित किया गया। साक्ष्यों और पीड़िता के बयानों के आधार पर आरोपी की संलिप्तता की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने जाल बिछाया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद संजय उर्फ सोनू को कोटद्वार क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
