
हरिद्वार
धर्मनगरी हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां 06 जून को सुबह करीब साड़े दस बजे बैरागी कैंप से एक 3 वर्षीय नाबालिग बालिका का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया है। अपहृत बच्ची की पहचान कुमारी राधिका निवासी ठोकर नंबर 10, बैरागी कैंप, कनखल, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
फुटेज में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि एक महिला और एक पुरुष मासूम राधिका को जबरन अपनी गोदी में लेकर जा रहे हैं और बाद में उसे एक टेम्पो में बैठाकर फरार हो जाते हैं। इस सनसनीखेज वारदात के बाद कनखल पुलिस तुरंत हरकत में आ गई है। आज अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस की कई टीमें सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं।

हरिद्वार पुलिस ने सभी मीडिया बंधुओं, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और आम जनता से इस खबर को ज्यादा से ज्यादा शेयर और प्रसारित करने की अपील की है ताकि मासूम राधिका को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद किया जा सके। पुलिस कप्तान नवनीत भुल्लर ने बताया कि संदिग्ध महिला-पुरुष के बारे में कोई भी जानकारी मिले, तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या कनखल थाने को सूचित करें। आपकी एक छोटी सी सजगता एक मासूम की जान बचा सकती है।
