
ऋषिकेश
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा मार्ग पर आज सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जनपद टिहरी गढ़वाल के तोताघाटी के समीप यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। गनीमत यह रही कि बस खाई में नहीं गिरी, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया। बस में कुल 39 यात्री सवार थे, जो सभी सुरक्षित हैं। पुलिस के मुताबिक आज सुबह लगभग 08:30 बजे बद्रीनाथ से ऋषिकेश की ओर आ रही चारधाम यात्रा बस तोताघाटी के पास पहुंची ही थी कि अचानक उसके ब्रेक फेल हो गए। ब्रेक फेल होने के कारण चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बस सड़क पर ही पलट गई। घटना होते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम को सूचित किया गया।

सूचना मिलते ही निरीक्षक कवीन्द्र सजवान के नेतृत्व में SDRF ढालवाला और ब्यासी की रेस्क्यू टीमें बिना वक्त गंवाए आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय प्रशासन और अन्य आपातकालीन एजेंसियों के साथ मिलकर तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर ने बताया कि बस में कुल 39 यात्री सवार थे। दुर्घटना में 3 से 4 यात्रियों को सामान्य चोटें आई हैं। घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार देते हुए 108 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से तुरंत ऋषिकेश अस्पताल भिजवाया गया है। शेष सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है।

