
ऋषिकेश
चार धाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात प्रबंधन के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। यात्रा मार्ग पर रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक यात्री वाहनों के आवागमन पर लगाए गए प्रतिबंध के नियमों का पुलिस सख्ती से पालन करवा रही है। इस व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए ऋषिकेश और मुनिकीरेती थाना पुलिस आपसी सामंजस्य के साथ काम कर रही है। नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने मुख्य चौराहों पर चेकिंग तेज कर दी है। नटराज चौक पर ऋषिकेश पुलिस की टीम तैनात है, जो रात 10 बजे के बाद पहाड़ की ओर जाने वाले यात्री वाहनों को रोक रही है।

ढालवाला और भद्रकाली चौकी पर भी पुलिस सक्रियता से अपनी भूमिका निभा रही है और वाहनों की कड़ाई से जांच कर रही है। नियमों के जमीनी पालन का जायजा लेने के लिए एसपी ऋषिकेश जया बलूनी बीती रात खुद नटराज चौक पर मैदान में उतरीं। उन्होंने पहाड़ी मार्ग पर जाने वाले वाहन चालकों से पूछताछ की और उन्हें सरकारी नियमों की जानकारी दी। एसपी जया बलूनी ने खास बातचीत में स्पष्ट किया कि रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक पहाड़ी मार्गों पर केवल माल वाहक वाहनों को ही जाने की अनुमति है। आम यात्री वाहनों को सुबह 4 बजे के बाद ही आगे बढ़ने की छूट दी जा रही है।

पुलिस प्रशासन के अनुसार, इस प्रतिबंध का मुख्य उद्देश्य पहाड़ी रास्तों पर रात के समय होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर ढंग से प्रबंधित करना है। एसपी ने वाहन चालकों से अपील की है कि रात के समय पहाड़ी रास्तों पर वाहन चलाने से पूरी तरह परहेज करें। ट्रैफिक नियमों का कड़ाई से पालन करें। गाड़ी चलाने से पहले पर्याप्त नींद जरूर लें, ताकि थकान की वजह से कोई हादसा न हो।
