
ऋषिकेश
कोतवाली पुलिस ने ऋषिकेश में एक होटल व्यापारी के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पैसों के लेनदेन के विवाद में इस वारदात को अंजाम दिया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर इस मामले की जांच वसंत विहार थाना प्रभारी को सौंपी गई थी, जिसके बाद पुलिस टीम ने आज दोनों आरोपियों को राजपुर क्षेत्र से दबोच लिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 11 मई को ऋषिकेश देहरादून रोड निवासी दिनेश कोठारी ने कोतवाली ऋषिकेश में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उन्होंने अतुल गुप्ता, दया गुप्ता, शिवांश गुप्ता, योगेश राठी और पार्थ गुप्ता को उनके व्यवसाय के लिए पैसे उधार दिए थे। जब दिनेश कोठारी ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी लगातार टालमटोल करने लगे। पीड़ित द्वारा पैसे लौटाने का दबाव बनाने पर आरोपी अपने कुछ अन्य साथियों के साथ दिनेश कोठारी के होटल में घुस आए। वहां आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में दिनेश कोठारी के बेटे सागर कोठारी को गंभीर चोटें आई थीं। पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने इसकी विवेचना थानाध्यक्ष वसंत विहार को सौंपी थी। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, गवाहों के बयान दर्ज किए और डिजिटल व इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को इकट्ठा किया। पुख्ता सबूतों के आधार पर पुलिस ने आज घटना में शामिल दो मुख्य आरोपियों को राजपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। जिनकी पहचान योगेश राठी और पार्थ सिंह के रूप में हुई है। कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भी पुलिस तलाश कर रही है जल्दी ही उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
