
ऋषिकेश
ऋषिकेश से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सुदामा मार्ग स्थित सरिया मार्केट क्षेत्र में बने GMOU परिसर का छज्जा अचानक भरभराकर नीचे आ गिरा। गनीमत यह रही कि इस घटना में एक बड़ा हादसा टल गया और एक युवक बाल-बाल बच गया। घटना के समय का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें देखा जा सकता है कि एक युवक परिसर के बाहर अपनी स्कूटी पर बैठकर मोबाइल चला रहा था। छज्जा ठीक उसी जगह पर आ गिरा। गनीमत यह रही कि मलबे की चपेट में आने से युवक बाल-बाल बच गया।

हालांकि, इस हादसे में नीचे खड़ी एक बुलेट मोटरसाइकिल और दीवार पर लगा मोबाइल शॉप का एक बोर्ड बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोगों का आरोप है कि यह पूरी तरह से परिसर के संचालकों और प्रबंधन की लापरवाही का नतीजा है। लोगों का कहना है कि दुकानों और परिसरों के नाम पर हर महीने मेंटेनेंस के लिए रकम वसूली जाती है, लेकिन इसके बावजूद समय पर रखरखाव नहीं कराया जाता है। जिससे कभी भी कोई बड़ी जनहानि हो सकती है। फिलहाल इस घटना के बाद से इलाके के दुकानदारों और लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है। पीड़ितों ने परिसर प्रबंधकों से नुकसान का हर्जाना देने की मांग की है।
