ऋषिकेश
श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या में आयोजित राष्ट्रीय रक्तदान महोत्सव एवं सम्मान समारोह में ऋषिकेश के प्रमुख समाजसेवी और रक्तमित्र रोहित बिजल्वाण को राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया है। उन्हें यह पुरस्कार आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त व प्लेटलेट्स उपलब्ध कराने तथा समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति निरंतर जागरूकता फैलाने के उत्कृष्ट प्रयासों के लिए प्रदान किया गया। रोहित बिजल्वाण लंबे समय से रक्तदान मुहिम के संवाहक रहे हैं। वह न केवल खुद नियमित रक्तदान करते हैं, बल्कि अपनी टीम के माध्यम से एक सशक्त नेटवर्क चलाकर यह सुनिश्चित करते हैं कि किसी भी मरीज की जान रक्त की कमी के कारण संकट में न पड़े। सम्मान मिलने पर खुशी व्यक्त करते हुए रोहित ने इसे अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि न मानकर पूरी टीम, सहयोगियों और निस्वार्थ रक्तदाताओं को समर्पित किया। उन्होंने कहायह सम्मान उन सभी बेनाम नायकों का है जो निस्वार्थ भाव से दूसरों की जिंदगी बचाने आगे आते हैं। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नियमित स्वैच्छिक रक्तदान को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं। अयोध्या की पावन भूमि पर ऋषिकेश का नाम रोशन होने से तीर्थनगरी के समाजसेवियों और युवाओं में भारी उत्साह और हर्ष की लहर है।
