रायवाला
कोतवाली रायवाला क्षेत्र के खैरी खुर्द स्थित एक किराए के मकान में 22 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एम्स ऋषिकेश भिजवा दिया है। प्रथम दृष्टया घटना का कारण पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद माना जा रहा है। कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान शिवम निवासी ग्राम कटैया उस्मानपुर शाहजहांपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। जो वर्तमान में वीरेंद्र सिंह रावत के मकान में किराए पर रह रहा था। शिवम ने अपने कमरे में लगे सीलिंग फैन के हुक पर दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या की है। मौके से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने जब मृतक का मोबाइल फोन चेक किया, तो सामने आया कि बीती रात में उसने अपनी पत्नी से कई बार बात की थी। लेकिन आखिरी में उसकी पत्नी के मोबाइल पर 9 मिस कॉल मिले है। जांच में सामने आई इस बातचीत और समयक्रम के आधार पर पुलिस का मानना है कि दोनों के बीच कोई तीखा विवाद हुआ था, जिसके चलते युवक ने यह आत्मघाती कदम उठाया। घटना के समय मृतक का छोटा भाई अंकुर मौके पर मौजूद था। जबकि उत्तर प्रदेश में रह रहे अन्य परिजनों को पुलिस द्वारा सूचित कर दिया गया है। रायवाला पुलिस ने कमरे को सील कर दिया है और फोरेंसिक फील्ड यूनिट टीम को निरीक्षण के लिए बुलाया है। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
शाम 06:08, 07:17 और रात 08:08 बजे मृतक ने पत्नी से लगातार कई बार वॉयस कॉल किए।
रात 10:41 बजे मृतक की पत्नी से वीडियो कॉल पर बात हुई।
इसके बाद रात 11:28 बजे पत्नी की ओर से 9 बार मिस कॉल आई थीं, जिन्हें शिवम ने रिसीव नहीं किया।
