ऋषिकेश
ऋषिकेश में गंगा किनारे नावघाट और साई घाट के पास दो अलग-अलग नवजात के शव मिलने से सनसनी फैल गई है। पुलिस ने नवजातों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। पुलिस ने मामले में अग्रिम जांच और कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं इन नवजातों के शव मिलने से मां की ममता पर कई प्रकार के सवाल खड़े हुए हैं।

कोतवाली पुलिस के मुताबिक दोनों ही मामलों की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को दी। पहली घटना में नाव घाट के पास 10 महीने की नवजात बालिका का शव मिला है। आशंका जताई जा रही है कि किसी कारण से बालिका की मौत हुई है और परिजनों ने उसे गंगा में बहा दिया और बहते बहते शव ऋषिकेश पहुंच गया। जबकि दूसरी घटना में साई घाट के पास गंगा किनारे महज 1 दिन कि नवजात बालिका का शव पुलिस ने बरामद किया है। नवजात की नाल भी शव से कटी हुई नही मिली है। शक इस बात का है कि या तो बालिका के जन्म के बाद उसकी किसी वजह से मौत हो गई और परिजनों ने शव को गंगा किनारे दफना दिया या फिर बालिका के पैदा होने की वजह से उसे मारकर गंगा किनारे फेंक दिया गया। त्रिवेणी घाट चौकी प्रभारी विनेश कुमार और एएसआई मुकेश शर्मा ने बताया कि फिलहाल शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हर नजरिया से पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है।
