रायवाला
आगामी चुनावों को देखते हुए कानून-व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश जया बलूनी ने बुधवार को कोतवाली रायवाला का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान एसपी का मुख्य जोर शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने, आपराधिक तत्वों पर नकेल कसने और थाने की कार्यप्रणाली को हाई-टेक व चुस्त-दुरुस्त बनाने पर रहा। एसपी ने आगामी चुनावों की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस बल को विशेष एक्शन प्लान पर काम करने के सख्त निर्देश दिए। एसपी ने बताया कि आगामी चुनावों के मद्देनजर असामाजिक तत्वों, पुराने अपराधियों और माहौल बिगाड़ने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ धारा 107/116, गुंडा एक्ट और मिनी गुंडा के तहत त्वरित निरोधात्मक कार्रवाई बढ़ाए जाने के स्पष्ट आदेश दिए। निरीक्षण के दौरान थाने में मौजूद अस्लाह व एम्युनेशन का जायजा लिया। अधिकारियों व कर्मचारियों से मौके पर ही हथियार खुलवाकर और जुड़वाकर उनकी त्वरित कार्यकुशलता को परखा। साथ ही मालगृह में सालों से पड़े मुकदमों के माल के निस्तारण में तेजी लाने को कहा। सीसीटीएनएस पोर्टल पर नियुक्त कर्मियों को सभी IIF फार्म समय से अपडेट करने और ऑनलाइन शिकायतों का 100% समयबद्ध निस्तारण करने का अल्टीमेटम दिया गया। विवेचकों के साथ बैठक कर लंबित मुकदमों और शिकायती प्रार्थना पत्रों के त्वरित निस्तारण के लिए समय सीमा तय की। पुलिसकर्मियों का सम्मेलन लेकर उनकी व्यक्तिगत व विभागीय समस्याएं सुनी और आगामी चुनाव के दौरान शून्य-लापरवाही की नीति अपनाने के निर्देश दिए।
