ऋषिकेश
उत्तराखण्ड को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड में खाताधारकों के लाखों रुपये गबन करने के मामले में ऋषिकेश कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में फरार चल रहे आरोपी दीपक बढ़ई को विकासनगर से गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक नवीन जोशी ने बताया कि बीती 24 मई को उत्तराखण्ड को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के सचिव एसएस राणा ने कोतवाली ऋषिकेश में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। बताया था कि बैंक में दैनिक जमा अभिकर्ता के रूप में कार्यरत दीपक बढ़ई ने विभिन्न तिथियों में खाताधारकों से बैंक में जमा करने के लिए 12 लाख 31 हजार एकत्र किए, लेकिन उन्हें बैंक खाते में जमा न करके गबन कर लिया। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। आज त्रिवेणी घाट चौकी प्रभारी विनेश कुमार की टीम ने मुखबीर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश करने के लिए भेजा गया है। गबन की गई धनराशि के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
