ऋषिकेश
अग्निशमन विभाग ने ऋषिकेश योग नगरी रेलवे स्टेशन पर मॉक ड्रिल व जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम अग्निशमन अधिकारी सुनील दत्त तिवारी के निर्देशन में संपन्न हुआ। अग्निशमन टीम ने उपस्थित जनसमूह को आग के स्वरूप, इसके कारणों और प्राथमिक स्तर पर आग पर काबू पाने के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। घरेलू गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति से निपटने, घबराने के बजाय सही तकनीक से आग पर काबू पाने और हादसों को रोकने के तरीकों का लाइव डेमो दिया। आपदा के समय बिना आधुनिक उपकरणों के भी घायलों की मदद कैसे की जाए, इस पर विशेष ध्यान केंद्रित किया। टीम ने घरेलू व उपलब्ध सामान की मदद से त्वरित स्ट्रेचर बनाने का अभ्यास भी कराया। रेलवे विभाग के कर्मचारियों ने मॉक ड्रिल में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। फायर ब्रिगेड की टीम ने रेलवे परिसर में लगे अग्निशमन उपकरणों की समय-समय पर जांच करने और उन्हें हमेशा क्रियाशील रखने के सुझाव दिए। कार्यक्रम के अंत में आम जनता और रेलकर्मियों को किसी भी प्रकार की अग्निकांड या किसी भी आपात स्थिति में 112 कंट्रोल रूम को सूचना देने के लिए प्रेरित किया। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान स्टेशन मास्टर अमित कश्यप, मुरादाबाद मंडल से आए रेलवे कर्मचारी, आरपीएफ इंस्पेक्टर सरोज कुमार समेत सुरक्षा बल के जवान और आम यात्री मौजूद रहे।
